ललितपुर। जिले के मेधावी विद्यार्थियों द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र तथा मेडिकल कॉलेज का भ्रमण एवं वैज्ञानिक अध्ययन किया गया। शनिवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद लखनऊ उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित जिला विज्ञान क्लब ललितपुर द्वारा जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देशन में जनपद के 100 मेधावी विद्यार्थियों ने कृषि विज्ञान केंद्र तथा मेडिकल कॉलेज का भ्रमण एवं वैज्ञानिक अध्ययन किया। सीडीओ कमलाकांत पांडे ने बसों को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को रवाना किया। डीआईओएस ओम प्रकाश ने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण से छात्र छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि,तर्क शक्ति का विकास होता है। तत्पश्चात विद्यार्थियों को दो बसों के द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र,खिरिया मिश्र ले जाया गया वहां पहुंचकर मेधावियो ने पॉली हाउस, ड्रिप इरिगेशन, ग्रीन हाउस, स्प्रिंकलर फार्मिंग का निरीक्षण किया। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डा.मुकेश चंद ने मेधावियों को पौधों तथा फसलों की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा फसलों में होने वाले रोग तथा उनके बचाव तथा प्रयुक्त की जाने वाली औषधियों का प्रयोगात्मक एवं वैज्ञानिक व्याख्यान किया। विद्यार्थियों ने जनपद में फसलों पर होने वाले प्रयोगों की जानकारी भी प्राप्त की। उसके पश्चात मेधावी विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों की जानकारी प्राप्त की गई तथा विभिन्न मशीनों सी.टी. स्कैन, ई.सी.जी., हीमोडायलिसिस की कार्यप्रणाली को समझाया गया। तदोपरांत छात्र-छात्राओं से की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया प्रश्नोत्तरी में श्रेष्ठ छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *